लखनऊ (सं.भा.): सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति परखने के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को लखनऊ के चिनहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे डिप्टी सीएम को देखकर अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक सीधे ओपीडी पहुंचे और वहां इलाज कराने आए मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था और डॉक्टरों की मौजूदगी के बारे में भी सवाल किए।
अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते समय कुछ स्थानों पर गंदगी दिखाई देने पर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तुरंत साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं।
डिप्टी सीएम ने अस्पताल का उपस्थिति रजिस्टर भी जांचा और यह सुनिश्चित किया कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी समय पर अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों से अभियान की तैयारियों और रूट मैप की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए, ताकि लोगों को बीमारियों से बचाया जा सके।
डिप्टी सीएम के इस औचक निरीक्षण को स्वास्थ्य विभाग के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है कि सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए।
मरीजों से बात कर जानी हकीकत, लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी
RELATED ARTICLES


