spot_img
Homeउत्तर प्रदेशकरोड़ों की सड़क, खतरे का सफर: कहीं झरना तो कहीं गहरी दरार

करोड़ों की सड़क, खतरे का सफर: कहीं झरना तो कहीं गहरी दरार

फतेहपुर (सं.भा.) बारिश के बीच कानपुर-प्रयागराज हाईवे की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े हो गए हैं। औंग कस्बे में ओवरब्रिज से तेज धार में पानी नीचे गिरने का वीडियो सामने आया है। वहीं, आशापुर-फतेहपुर सर्विस रोड पर जमीन धंसने से कई फुट गहरा गड्ढा हो गया है। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने जिम्मेदार एजेंसियों से जवाब मांगा है।

औंग में सामने आए मामले पर एनएचएआई की कार्यदायी संस्था के मैनेजर अतुल यादव ने बताया कि ट्रक की टक्कर से पुल की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है। हालांकि, स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्षतिग्रस्त हिस्से को समय रहते क्यों नहीं दुरुस्त किया गया और इस दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए।

आशापुर-फतेहपुर सर्विस रोड पर बने गहरे गड्ढे को लेकर भी निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। बारिश में पानी भरने से इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। लोगों ने तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने और तकनीकी जांच की मांग की है।

दोनों घटनाओं ने हाईवे की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले संबंधित विभाग को खामियों को दूर कर यातायात सुरक्षित करना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com