लखनऊ, (सं.भा.) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की अटकलों के बीच चुनाव आयोग की सक्रियता ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लखनऊ दौरे को इसी कड़ी में अहम माना जा रहा है। आयोग की टीम अगले दो दिनों तक चुनावी तैयारियों, मतदाता सूची और बूथ स्तर की व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के साथ संवाद करेगी। हालांकि, समय से पहले चुनाव कराने को लेकर आयोग की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लखनऊ पहुंच चुके हैं। वह 20 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। इन जिलों की 120 विधानसभा सीटों के बीएलओ से भी संवाद होगा। इसके अलावा वह अपने पुराने शिक्षण संस्थान कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। मंगलवार को आईजीपी में करीब 500 बीएलओ के साथ बैठक होगी। इसके बाद मेरठ और वाराणसी में भी क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2022 में सात चरणों में हुआ था और मार्च में नई सरकार का गठन हुआ था। इस बार फरवरी में जनगणना प्रस्तावित है। चुनाव और जनगणना दोनों में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की ड्यूटी लगती है। ऐसे में दोनों प्रक्रियाओं के एक साथ होने को लेकर व्यावहारिक चुनौती मानी जा रही है। इसी वजह से विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की अटकलें राजनीतिक हलकों में तेज हैं। हालांकि चुनाव की तारीख और समय-सारिणी को लेकर अंतिम निर्णय निर्वाचन आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही होगा।


