वाराणसी, (सं.भा.) वाराणसी में 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। अब तक पुलिस को लग रहा था कि प्रेमी विवेक चौबे ने अकेले वारदात को अंजाम दिया, लेकिन जांच में सामने आया कि उसने अपने दोस्त पुनीत को 22 लाख रुपये देने का लालच देकर हत्या की साजिश में शामिल किया था। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान विवेक ने श्रेया का गला पकड़ा और पुनीत ने चाकू से उसका गला काट दिया। हत्या के बाद विवेक फरार हो गया, जबकि पुनीत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। राजातालाब पुलिस और एसओजी की टीम ने सोमवार तड़के कार्रवाई करते हुए पुनीत को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुनीत ने कथित तौर पर बताया कि विवेक ने हत्या के तत्काल बाद उसे 22 लाख रुपये देने का वादा किया था। पुनीत मऊ का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह महंगे शौक के चलते कर्ज में डूबा था और कई ऐप से लोन ले चुका था। इसी वजह से पैसों के लालच में वह विवेक की साजिश में शामिल हो गया। जांच में पता चला कि पुनीत और विवेक मिर्जामुराद स्थित एक कॉलेज से बी.फार्मा की पढ़ाई कर चुके हैं और तभी से दोनों में दोस्ती थी। विवेक ने पुनीत से कहा था कि वह श्रेया से परेशान हो चुका है और उसकी हत्या करना चाहता है। साजिश के तहत दोनों 17 अगस्त की रात बच्छांव पश्चिमपुरा, रोहनिया स्थित किराए के कमरे में पहुंचे। पुलिस के अनुसार, यह कमरा विवेक ने श्रेया से मिलने के लिए किराए पर लिया था। हत्या के बाद पुलिस को कमरे में केवल गद्दा और तकिया मिला था। पुलिस को जांच के दौरान कमरे के पास एक कैब दिखाई दी, जिसमें पुनीत के होने की जानकारी मिली। कैब का पीछा करते हुए पुलिस ने उसे प्रयागराज से पकड़ा। कैब चालक के जरिए मिले मोबाइल नंबर का सीडीआर खंगालने पर पुनीत और विवेक के बीच लगातार बातचीत सामने आई। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और पूछताछ में पुनीत के कथित तौर पर साजिश में शामिल होने का खुलासा हुआ। पुलिस अब फरार विवेक चौबे की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।
22 लाख के लालच में दोस्त बना कातिल
RELATED ARTICLES


