चौडगरा (सं भा.)उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। इसके चलते बिंदकी तहसील के कटरी क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जानकारी के अनुसार, गंगा और पांडु नदी का पानी आपस में मिल जाने से दोनों नदियों के किनारे सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है।
खेतों में खड़ी धान, बाजरा और सब्जियों की फसल पानी में डूबने से किसानों को नुकसान की आशंका है। वहीं बिंदकी फार्म को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर भी पानी पहुंचने लगा है, जिससे आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
गौरतलब है कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए टैंकर और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था शुरू कर दी है। एसडीएम निशांत तिवारी ने क्षेत्रीय लेखपाल कुलदीप कुमार के साथ कटरी क्षेत्र और महुआघाटी का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जिला आपदा अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पानी फसलों तक पहुंचा है। यदि पानी गांवों की ओर बढ़ता है तो तत्काल शेल्टर सेंटर बनाए जाएंगे। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और हालात की लगातार निगरानी की जा रही है।


