spot_img
Homeउत्तर प्रदेशलोजपा रामविलास ने यूपी में चुनावी तैयारी तेज की, गठबंधन पर भी...

लोजपा रामविलास ने यूपी में चुनावी तैयारी तेज की, गठबंधन पर भी नजर

प्रयागराज (सं.भा.)उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने 101 विधानसभा सीटों को विशेष रूप से चिह्नित कर वहां चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर लोजपा रामविलास अपने दम पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि फिलहाल पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ सीटों को लेकर समझौता नहीं होने की स्थिति में लोजपा रामविलास अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। हालांकि, मौजूदा समय में पार्टी गठबंधन के विकल्प को भी खुला रखे हुए है।

राजीव पासी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान 27 सितंबर को प्रयागराज के परेड मैदान में युवाओं के संवाद कार्यक्रम और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ में भी जनसभाएं प्रस्तावित हैं।

पार्टी के अनुसार, विशेष रूप से चिह्नित 101 सीटों पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन क्षेत्रों में पासी-पासवान मतदाताओं की संख्या और उनकी भूमिका को देखते हुए पार्टी ने विशेष तैयारी शुरू की है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में विभिन्न दलों की संगठनात्मक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com