spot_img
Homeउत्तर प्रदेशग्रीन पार्क में दिखेगा रणजी का रोमांच, यूपी खेलेगा तीन मुकाबले

ग्रीन पार्क में दिखेगा रणजी का रोमांच, यूपी खेलेगा तीन मुकाबले

कानपुर (सं.भा.) रणजी ट्रॉफी के आगामी सत्र में उत्तर प्रदेश की टीम के तीन घरेलू मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में कराने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने इन मुकाबलों के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार यूपी की टीम अक्टूबर, नवंबर और जनवरी में गोवा, बड़ौदा तथा जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

ग्रीन पार्क स्टेडियम के प्रस्तावित कायाकल्प को देखते हुए इन मुकाबलों के आयोजन को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। प्रदेश सरकार करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम के विकास की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए बजट स्वीकृत होने के बाद 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी की जा चुकी है।

स्टेडियम के नए स्वरूप के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। 14 सितंबर को ग्रीन पार्क की डीपीआर और डिजाइन तैयार करने के लिए आर्किटेक्चरल कंसल्टेंट की नियुक्ति को लेकर निविदा जारी की गई है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद चयनित एजेंसी द्वारा डिजाइन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन होगा और इसके बाद विकास कार्य शुरू किया जाएगा।

यूपीसीए के अनुसार ग्रीन पार्क में निर्माण कार्य शुरू होने में अभी समय लग सकता है। ऐसे में मौजूदा रणजी सत्र में उत्तर प्रदेश को मिले घरेलू मुकाबलों का आयोजन इसी मैदान पर कराने की तैयारी की जा रही है।

रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में उत्तर प्रदेश का पहला मुकाबला गोवा के खिलाफ 18 से 21 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। इसके बाद 2 से 5 नवंबर के बीच बड़ौदा के साथ मुकाबला होना है। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच 24 से 27 जनवरी 2027 तक मैच प्रस्तावित है। इन तीनों मुकाबलों के लिए ग्रीन पार्क को आयोजन स्थल बनाए जाने की तैयारी है। हालांकि बीसीसीआई की वेबसाइट पर फिलहाल इन मुकाबलों के आयोजन स्थल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही अंतिम कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com