- गोरखपुर (सं.भा.) शारदीय नवरात्र की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में भक्ति और परंपरा का विशेष दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्या पूजन कर नौ बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी आराधना की। उन्होंने कन्याओं के पांव पखारे, तिलक लगाया और आरती उतारने के बाद चुनरी, उपहार तथा दक्षिणा भेंट की। अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के प्रति आत्मीयता दिखाते हुए उन्हें अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र स्थित भोजन कक्ष में आयोजित पूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने पीतल के परात में जल लेकर कन्याओं के चरण धोए। इसके बाद रोली, चंदन, दही और अक्षत से तिलक कर पुष्प अर्पित किए। मंदिर के शक्तिपीठ में उगाए गए जौ के ज्वारे से पूजन कर उन्होंने कन्याओं को माला पहनाई और चुनरी ओढ़ाई। धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न इस अनुष्ठान में बालिकाओं के साथ बटुकों का भी पूजन किया गया।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा। इस दौरान वह बच्चों से बातचीत करते रहे और उनकी थालियों में भोजन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर ध्यान देते रहे। मंदिर परिसर में पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन किया गया। कन्या भोज के लिए अन्न क्षेत्र के भूतल पर भी व्यवस्था की गई थी। भोजन के बाद बच्चों को उपहार और दक्षिणा प्रदान की गई।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कन्या पूजन के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे।


