कानपुर (सं. भा.) : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में रेलवे स्टेशन परिसर स्थित झगड़ेश्वर हनुमान मंदिर से चोरी हुए चार मुकुट जीआरपी ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिए हैं। इस मामले में बांदा जिले के 20 वर्षीय युवक कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मुकुटों की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1ए के पास स्थित मंदिर में भगवान गणेश, मां दुर्गा, मां काली और हनुमान जी के मुकुट चोरी होने की घटना सामने आने के बाद जीआरपी ने जांच शुरू की। चोर तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह के अनुसार, पुलिस ने 18 अक्टूबर को स्टेशन के प्रयागराज छोर पर स्थित कूड़ाघर के पास से कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार किया। उसके पास से सफेद धातु के चारों मुकुट बरामद किए गए। आरोपी बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के लवली टीका मऊ गांव का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मंदिर से चोरी हुए मुकुटों की बरामदगी के बाद जीआरपी आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


