उन्नाव (सं. भा.) : जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए लागू व्यवस्था में बदलाव हुआ है। ऑनलाइन के अलावा अब अभ्यर्थी ऑफलाइन भी आवेदन कर सकेंगे। विद्यालय समिति ने यह फैसला गिरते आवेदन को देखते हुए लिया है। 600 सीटों पर आवेदन आधे भी नहीं हुए हैं।
ग्रामीण अंचलों के परिषदीय बच्चों को होनहार बनाने के उद्देश्य से उनका दाखिला नवोदय विद्यालय में होता है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालय में इन बच्चों को प्राथमिकता दी जाती है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की मंशा यहां बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा पांच में पढ़ने वाले बच्चों की आगे की शिक्षा बेहतर बनाना है। जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा 2018 को लेकर आवेदन की कार्यवाही ऑनलाइन तय की गई थी। जनसेवा केंद्रों/कॉमन सर्विस सेंटर से ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे थे। ग्रामीण तबके में यह व्यवस्था साकार साबित नहीं हो रही थी। एक माह में मात्र 165 ही आवेदन ऑनलाइन आए। इस संख्या को कम देख समिति को पुराना ढर्रा अपनाना पड़ा। प्रवेश परीक्षा 10 फरवरी 2018 को होनी है। 25 नवंबर तक आवेदन फॉर्म भरे जाने हैं। आवेदन के ग्राफ को बढ़ाने के लिए विद्यालय समिति ने आवेदन ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन कर दिए हैं। आवेदन पत्र डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एनवीएसएचक्यू.ओआरजी से डाउनलोड किए जा सकते हैं।


