spot_img
Homeउत्तर प्रदेशकार्तिक पूर्णिमा पर उत्तर प्रदेश में गंगा घाटों में दिखी भीड़, श्रद्धालुओं...

कार्तिक पूर्णिमा पर उत्तर प्रदेश में गंगा घाटों में दिखी भीड़, श्रद्धालुओं ने जमकर लगाई डुबकियां

उत्तरप्रदेश (सं. भा.) भगवान विष्णु को बेहद प्रिय मास कार्तिक की पूर्णिमा पर आज प्रदेश में श्रद्धालुओं ने सुबह से ही नदियों के घाट का रुख किया। कार्तिक पूर्णिमा आज पूरे देश में मनाई जा रही है। इस पर्व पर नदियों में स्नान के साथ पूजन अर्चन की परम्परा है।
प्रदेश में इलाहाबाद, फतेहपुर, उन्नाव, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर के साथ ही अन्य शहरों में से श्रद्धालुओं ने नदियों में डुबकी लगाई। वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा नदी के घाट पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़ पड़े। यहां के दशाश्वमेध घाट पर सर्वाधिक भीड़ थी। यहां पर गंगा नदी में स्नान करने वालों का रेला लग गया। गोदौलिया क्षेत्र में श्रद्धालुओं  की भीड़ एकत्र हो गई थी।
  इसी तरह फतेहपुर और उन्नाव के बॉर्डर के बक्सर घाट में लाखों की तादात में श्रद्धालुओं ने गंगा घाट में डुबकी लगाई तथा माॅ चंद्रिका के दर्शन किए
संगमनगरी इलाहाबाद में भी संगम के घाट पर भारी भीड़ थी। इसके साथ ही दारागंज में यमुना के तट पर तथा मनकामेश्वर मंदिर के पास यमुना नदी में स्नान करने बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े हैं। कानपुर में भी गंगा नदी के हर घाट पर भारी भीड़ जमा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को लोगों ने स्नान कर दान-पुण्य किया।
गोरखपुर व बस्ती मंडल में महिला, पुरुष और बच्चे अलस्सुबह स्नान करने नदियों के किनारे पर एकत्र हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं भक्ति गीत गाते हुए पहुंची और स्नान किया। आज यहां नदियों के किनारे  गोदान, अन्नदान और  सत्य नारायण व्रत कथा का भी कार्यक्रम जारी है। रायबरेली के डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। डलमऊ गंगा घाट पर हजारों की संख्या में लोग गंगा स्नान कर रहे हैं।
ट्रैक्टर ट्राली की दुर्घटना में तीन की मौत
बुलंदशहर में गंगा नदी का स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। दुर्घटना में एक दर्जन घायल हैं। सभी लोग यहां के शिकारपुर थाना क्षेत्र के बड़ौदा गांव के रहने वाले हैं।
क्या है कार्तिक पुर्णिमा का महत्व
शास्त्रों के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन शाम भगवान श्रीहरि मत्स्यावतार के रूप में प्रकट हुए थे। भगवान विष्णु के इस अवतार की तिथि होने की वजह से आज किए गए दान, जप का पुण्य दस यज्ञों से प्राप्त होने वाले पुण्य के बराबर माना जाता है। पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में दीपदान करने की भी परंपरा हैं। देश की सभी प्रमुख नदियों में श्रद्धालु दीपदान करते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर इस बार राजलक्षण योग, रसकेशरी योग, गजकेशरी, आनंद और महापद्म योग का संयोग बना है जो अति फलदायी है। गुरु और सूर्य के एक ही राशि में होने से राजलक्षण, शुक्र व चंद्रमा के आमने-सामने रहने से रसकेशरी और गुरु के केन्द्र में चंद्रमा के रहने से गजकेशरी योग का संयोग बना है। इस संयोगों में गंगास्नान और भगवान हरि और शिव की पूजा करने से पूर्व जन्म के साथ इस जन्म के भी सारे पाप नाश हो जाते हैं।
RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com