spot_img
Homeमुंबईभाजपा में बड़ी सेंध, शरद पवार गुट की राखी जाधव ने थामा...

भाजपा में बड़ी सेंध, शरद पवार गुट की राखी जाधव ने थामा कमल

मुंबई (सं.भा.): महानगरपालिका चुनाव से ठीक पहले महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। नामांकन की अंतिम दौड़ के बीच दल-बदल की राजनीति ने नया मोड़ ले लिया है। घाटकोपर पूर्व से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की कद्दावर नेत्री और तीन बार की नगरसेविका राखी जाधव ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर सियासी समीकरण बदल दिए हैं। उनके इस कदम को शरद पवार गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

सोमवार दोपहर राखी जाधव ने घाटकोपर पूर्व के विधायक पराग शाह के कार्यालय पहुंचकर भाजपा में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की। इसके बाद वे वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात के लिए मुंबई रवाना हुईं, जहां मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, वरिष्ठ नेता आशीष शेलार, प्रवीण दरेकर, अतुल भातखलकर और पराग शाह की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई।

राखी जाधव लगातार तीन बार नगरसेविका चुनी जा चुकी हैं और हाल ही में उन्हें शरद पवार गुट की मुंबई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बीते कुछ दिनों से उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, हालांकि वे सार्वजनिक रूप से इसका खंडन करती रही थीं। लेकिन नामांकन से ठीक पहले उनका भाजपा में जाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

राखी जाधव के भाजपा में प्रवेश से घाटकोपर पूर्व के वार्ड क्रमांक 131 की राजनीति भी गरमा गई है। यह सीट सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है और यहां भाजपा से पहले ही कई इच्छुक दावेदार मैदान में थे। ऐसे में नए घटनाक्रम के बाद टिकट को लेकर असमंजस की स्थिति बनती दिख रही है।

उधर, शरद पवार गुट को झटका यहीं तक सीमित नहीं रहा। पार्टी के वरिष्ठ नेता धनंजय दादा पिशाल पहले ही अजित पवार गुट में शामिल हो चुके हैं, जबकि शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने उत्तर भारतीय नेता श्रीप्रकाश शुक्ला को वार्ड 159 से मैदान में उतार दिया है। बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों ने महानगरपालिका चुनाव से पहले मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com