मुंबई (सं.भा.): मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मालाड विधानसभा क्षेत्र के वॉर्ड क्रमांक 47 से भाजपा–शिवसेना–रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (महायुति) के अधिकृत प्रत्याशी तेजिंदर सिंह तिवाना ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी और पूर्व नगर सेविका जय तिवाना उपस्थित रहीं। इस मौके पर महायुति के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्मा गया।
नामांकन से पूर्व तेजिंदर सिंह तिवाना ने एवरशाइन नगर स्थित गुरुद्वारा में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नामांकन रैली निकाली गई, जिसमें समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि तेजिंदर सिंह तिवाना का पारिवारिक राजनीतिक अनुभव भी उनके पक्ष में माना जा रहा है। उनके माता-पिता दोनों पूर्व नगर सेवक रह चुके हैं और क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का लाभ उन्हें मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


