तिरंगा यात्रा से सेना के शौर्य को सलाम
मुंबई (सं. भा.) । जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पाकिस्तान को धूल चटाने वाले वीर जवानों के सम्मान में मुंबई के कांदिवली में रविवार को राष्ट्रप्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें हाथों में तिरंगा लिए और होठों पर ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा जमकर फूटा और उन्होंने जोरदार नारेबाजी की।

पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव ने इस अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य साहस और बहादुरी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पूरे विश्व को भारत की ताकत, हमारी दृढ़ इच्छाशक्ति और हमारी क्षमता का स्पष्ट संदेश दिया है। यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और सभी सेना प्रमुखों एवं वीर जवानों को उनकी इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी।
इस तिरंगा यात्रा में ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाले दो महत्वपूर्ण युद्ध नायकों, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की अभूतपूर्व सफलता को विशेष रूप से सराहा गया। कमलेश यादव ने इन दोनों सैन्य अधिकारियों की बहादुरी और कुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। इस भव्य तिरंगा यात्रा में उत्तर मुंबई जिला अध्यक्ष बाला तावड़े, पूर्व नगरसेविका प्रतिभा गिरकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमोद घाग, मंडल अध्यक्ष चुन्नीलाल चौहान, वार्ड अध्यक्ष अशोक दुबे समेत कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस यात्रा ने एक बार फिर देश के वीर जवानों के प्रति लोगों के अटूट सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को दर्शाया।


