spot_img
Homeमुंबईभाईंदर में धरती का धंसाव

भाईंदर में धरती का धंसाव

बाल-बाल बचे लोग, लापरवाही का आरोप
भाईंदर (सं. भा.) – भाईंदर पूर्व के इंद्रलोक फेज 4 में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। आरएनए बिल्डर की निर्माणाधीन इमारत में पाइलिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इस घटना में सीसी रोड का एक बड़ा भाग भी धंस गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि स्कूल में छुट्टी होने के कारण और निर्माण स्थल पर मजदूरों की गैरमौजूदगी के चलते कोई जनहानि नहीं हुई, वरना स्थिति भयावह हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तपोवन स्कूल के पास हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जमीन धंसने से पानी की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन टूट गई और बिजली की सप्लाई भी बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। यह घटना सड़क किनारे हुई, जहाँ आरएनए बिल्डर द्वारा पाइलिंग का कार्य किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्डर की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ, जिसमें न केवल जमीन धंसी बल्कि मनपा की सीसी रोड भी क्षतिग्रस्त हो गई।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण इस तरह की घटना हुई हो। कुछ समय पहले भाईंदर पश्चिम में मांडवी तालाब के सौंदर्यीकरण के दौरान भी ठेकेदार की गलती से नगर भवन की सुरक्षा दीवार धंस गई थी। हालांकि, उस घटना में भी किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इन दोनों ही घटनाओं में ठेकेदारों और बिल्डरों पर घोर लापरवाही बरतने के आरोप लग रहे हैं।
फिलहाल, धंसी हुई सड़क के कारण इलाके में आवाजाही और यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा और डर दोनों है। वे निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का सही से पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com