फतेहपुर (सं.भा.) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की बिंदकी तहसील क्षेत्र में एक हल्का लेखपाल पर आपदा राहत की रिपोर्ट लगाने के बदले रिश्वत मांगने और पैरवी करने पर भाजपा नेता से फोन पर अभद्रता व धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में भाजपा सेक्टर प्रमुख अरविन्द कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम डूंढरा, थाना औंग निवासी अरविन्द कुमार पाण्डेय के अनुसार, थानपुर निवासी मुन्नू केवट का भारी बारिश के चलते मकान गिर गया था। राहत राशि दिलाने के लिए परिवार ने सर्वे और रिपोर्ट की मांग की। आरोप है कि संबंधित हल्का लेखपाल ने रिपोर्ट लगाने के एवज में 1500 रुपये की मांग की।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 10 सितंबर को उन्होंने लेखपाल को फोन कर मामले में निष्पक्ष रिपोर्ट लगाने की बात कही। इस पर लेखपाल ने कथित तौर पर फोन पर उनके साथ अभद्र और जातिसूचक भाषा का इस्तेमाल किया तथा दोबारा फोन करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि लेखपाल ने अधिकारियों से अपनी नजदीकी और प्रभाव का हवाला देते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
अरविन्द कुमार पाण्डेय ने कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र पटेल को भी सुनाई। उन्होंने इसे अपने सामाजिक सम्मान को ठेस पहुंचाने और मानसिक उत्पीड़न का मामला बताते हुए आरोपी लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


