spot_img
Homeफिल्मी खबरेंएक्ट्रेस से सांसद बनीं सायोनी घोष, राजनीति में बनाई अलग पहचान

एक्ट्रेस से सांसद बनीं सायोनी घोष, राजनीति में बनाई अलग पहचान

मुंबई (सं.भा.) फिल्मी दुनिया से निकलकर राजनीति में अपनी पहचान बनाने वाले कलाकारों की सूची लगातार लंबी होती जा रही है। इसी कड़ी में बंगाल की अभिनेत्री सायोनी घोष का नाम भी प्रमुखता से सामने आता है, जिन्होंने अभिनय से राजनीति तक का सफर तय कर अब संसद तक अपनी जगह बना ली है। सायोनी घोष ने अपने करियर की शुरुआत बंगाली टेलीविजन से की थी। उन्होंने ‘इच्छे दाना’ और ‘प्रलय आशे’ जैसे सीरियल्स में काम कर पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने फिल्मों की ओर रुख किया और ‘शत्रु’, ‘नोटोबोर नॉटआउट’, ‘अंतराल’, ‘एकला चलो’ और ‘अमार शहर’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर इंडस्ट्री में अपनी जगह मजबूत की। फिल्मों में सफलता के बाद सायोनी ने राजनीति का रुख किया और साल 2021 में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गईं। उसी साल उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया, हालांकि पहली बार में उन्हें जीत नहीं मिल सकी। इसके बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें युवा इकाई की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें जादवपुर सीट से मैदान में उतारा, जहां उन्होंने जीत हासिल कर सांसद के रूप में अपनी नई पहचान बनाई। राजनीतिक सफर के दौरान सायोनी घोष कई बार विवादों में भी रहीं। कभी उनके बयानों को लेकर तो कभी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल उठे। एक मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप भी लगा, वहीं एक अन्य घटना में उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भी उनसे पूछताछ की जा चुकी है। फिर भी, सायोनी घोष लगातार सक्रिय राजनीति में बनी हुई हैं और बंगाल की राजनीति में एक चर्चित चेहरा बन चुकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com