रूरा (सं. भा.) : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में विवाह के बाद दुल्हन व उसके पक्ष के लोग झांसा देकर रफूचक्कर हो गए। सात फेरे लेकर दुल्हन शादी में मिले जेवरात व सामान लेकर चली गई, जिससे पति बिना वधू के घर लौटा। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कस्बा रूरा के सुभाष नगर मोहल्ला निवासी बउआ गुप्ता उर्फ महेंद्र का विवाह सुरासी झींझक निवासी नैनशी के संग तय हुआ था। रविवार को सिकंदरा में हुए सामूहिक विवाह समारोह में विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दुल्हन को लेकर वह अपने रिश्तेदारों के साथ रूरा के लिए चला था तभी दुल्हन व उसके पक्ष के लोग झांसा देकर विवाह में मिली सरकारी चेक व दहेज के सामान व जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए। वधू पक्ष ने कहा कि मायके में पार्टी चल रही है। दोबारा बरात लेकर वधू को विदा कराएं। पीड़ित पक्ष ने मामले से पुलिस को अवगत कराकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष अनूप कुमार निगम ने बताया कि मामले को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।


