2027 के टिकट का आधार बनेगा जनता का ‘ऑडिट’!
लखनऊ (सं. भा.) । उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों की दावेदारी को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। अब विधायकों को टिकट पाने के लिए जनता की ‘अग्निपरीक्षा’ से गुजरना होगा। दरअसल, पार्टी ने सभी विधायकों के कामकाज और जनता के बीच उनकी छवि का ‘ऑडिट’ कराने का निर्णय लिया है, जिसके आधार पर ही 2027 के चुनावों में टिकट वितरण किया जाएगा।
भाजपा, जो लगातार दो बार प्रदेश में सरकार बना चुकी है, अब ‘हैट्रिक’ का लक्ष्य लेकर चल रही है। ऐसे में पार्टी कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती और टिकट वितरण में पूरी सावधानी बरतना चाहती है। सूत्रों के अनुसार, इस ऑडिट का जिम्मा राज्य सरकार को सौंपा गया है, जिसने कुछ एजेंसियों को इस कार्य में लगाया है। ये एजेंसियां गोपनीय तरीके से विधायकों के कामकाज और जनता के बीच उनकी छवि का आकलन कर रही हैं।
विधायकों के ऑडिट के साथ-साथ, प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों का भी सर्वेक्षण किया जाएगा। विधानसभावार सर्वेक्षण के बाद एक विस्तृत डेटा तैयार किया जाएगा, जो 2027 के चुनावों में टिकट वितरण का आधार बनेगा।
तीन श्रेणियों में होगा आकलन:
इस सर्वेक्षण में विधायकों की छवि का आकलन ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ तीन श्रेणियों में किया जाएगा। ऑडिट के बाद विधायकों को श्रेणीबद्ध करते हुए अंक दिए जाएंगे। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विधायकों को ‘ए’ श्रेणी में रखा जाएगा, जबकि अन्य विधायकों को उनके अंकों के आधार पर ‘बी’ और ‘सी’ श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा। सरकार द्वारा तैयार किया गया यह डेटा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा।
इन बिंदुओं पर होगा ऑडिट:
* पहली और दूसरी बार के विधायकों का प्रदर्शन कैसा रहा।
* क्षेत्र में विकास निधि के खर्च की स्थिति क्या है।
* जनसमस्याओं के समाधान में विधायकों की सक्रियता कितनी है।
* पिछले चुनाव में कम अंतर से जीत के कारण क्या थे।
* जनता की नजर में विधायकों की छवि कैसी है।
* 2027 में चुनाव जीतने की संभावना कितनी है।
सर्वेक्षण में भाजपा के साथ-साथ मुख्य विपक्षी दलों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। जातिगत समीकरणों के आधार पर भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसमें यह देखा जाएगा कि किस जाति और समाज में किस दल की पकड़ है और किस पार्टी के प्रति लोगों की क्या धारणा है। इस रिपोर्ट में पार्टी की स्थिति के साथ-साथ मौजूदा विधायकों के बारे में भी जानकारी शामिल होगी।
यूपी में भाजपा विधायकों की ‘अग्निपरीक्षा’
RELATED ARTICLES


