फतेहपुर (सं.भा.): धाता विकास खंड में ऐमापुर से रतनपुर को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण में मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर खागा विधानसभा से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि गिट्टी बिछाने के बाद धूल की उचित सफाई किए बिना ही तारकोल डाला जा रहा था। साथ ही रोलर का प्रयोग भी संतोषजनक नहीं दिखा, जिससे सड़क की परत कमजोर होने की आशंका जताई गई. स्थिति को देखते हुए विधायक ने निर्माण कार्य तत्काल रुकवाते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को मानक के अनुरूप दोबारा कार्य कराने के निर्देश दिए।
विधायक कृष्णा पासवान ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा लगभग 2200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 37 लाख 99 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यक सुधार के बाद ही कार्य आगे बढ़ेगा। इस संबंध में क्षेत्र के जेई राम आशीष ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा और यदि कहीं कमी पाई गई है तो उसे दुरुस्त किया जाएगा।


