spot_img
Homeउत्तर प्रदेशखिड़की बनी दरवाज़ा, सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल

खिड़की बनी दरवाज़ा, सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल

प्रयागराज (सं.भा.): यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दावों के बीच प्रयागराज जंक्शन पर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई। प्रयागराज से अंबेडकर नगर जाने वाली ट्रेन के जनरल कोच में खिड़कियों पर रेलिंग न होने से यात्री दरवाज़े की बजाय खिड़की के रास्ते अंदर घुसते दिखाई दिए। रोज़ाना की इस अव्यवस्था से बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है.ल।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगते ही सीट पाने की होड़ मच जाती है। कई बार कोच के दरवाज़े बंद रहने या भीड़ अधिक होने के कारण यात्री खिड़कियों से चढ़ने को मजबूर हो जाते हैं। महिलाओं और बच्चों तक को इसी रास्ते प्रवेश करते देखा गया, जिससे गिरने या चोट लगने का खतरा बना रहता है। कोच की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। कुछ सीटें क्षतिग्रस्त मिलीं, जबकि अंदरूनी हिस्सों में अस्थायी मरम्मत के संकेत दिखे। यात्रियों का कहना है कि खिड़कियों पर मजबूत रेलिंग होती तो खिड़की से चढ़ने जैसी जोखिमभरी स्थिति पैदा ही नहीं होती।

यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान प्लेटफॉर्म पर न तो कोई चेकिंग स्टाफ नजर आया और न ही सुरक्षा बल के जवान। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित बोर्डिंग के अभाव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय यात्रियों और सामाजिक संगठनों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि जनरल कोच की खिड़कियों पर तत्काल रेलिंग लगाई जाए, दरवाज़ों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त स्टाफ तैनात कर भीड़ प्रबंधन मजबूत किया जाए, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com