नागेंद्र शुक्ला
फतेहपुर (सं.भा.): फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र स्थित एमएलएमपी मैदा फैक्ट्री में काम के दौरान हुए हादसे को लेकर कंपनी प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। मजदूरों से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 12 बजे हुई, जब काम के दौरान मजदूर मंटू यादव लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक मंटू यादव गाजीपुर जिले के बहादुरपुर गांव का निवासी था और रोजगार की तलाश में फतेहपुर आकर फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसके पिता का नाम सुरेंद्र सिंह है। परिजनों के अनुसार मंटू की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और उसकी छह महीने की एक बेटी है। हादसे के समय परिवार गाजीपुर में ही मौजूद था।
घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भारी नाराजगी है। मजदूरों का आरोप है कि कन्वेयर बेल्ट और बॉयलर क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। मजदूरों का कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक भी कंपनी मालिक मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
स्थानीय मजदूरों का यह भी आरोप है कि मजदूर की मौत के बावजूद फैक्ट्री का संचालन जारी रखा गया, जिससे प्रबंधन की संवेदनहीनता उजागर होती है। मजदूरों के बीच अंदरखाने रोष व्याप्त है और वे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने बताया परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।


