spot_img
Homeमुंबईकार्रवाई बंद होते ही फिर दौड़े अवैध वाहन

कार्रवाई बंद होते ही फिर दौड़े अवैध वाहन

  • ट्रैफिक जाम और असुरक्षा बढ़ी

नालासोपारा (सं. भा.) वसई-विरार की सड़कों पर अवैध वाहनों की भरमार ने फिर से ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी से उतार दिया है। आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस की निष्क्रियता के चलते ये जर्जर और बिना कागजात वाले वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

पिछले दिनों रिक्शा यूनियनों और वैध चालकों ने अवैध वाहनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और कुछ दिनों तक कार्रवाई कर कई अवैध वाहनों को जब्त किया। लेकिन कार्रवाई कुछ ही दिनों में ठंडी पड़ गई, और अब फिर से अवैध रिक्शा और मैजिक वैन सड़कों पर उतर आए हैं। इससे वैध रिक्शा चालकों की कमाई पर असर पड़ रहा है, और वे ऑटो की किश्त तक नहीं चुका पा रहे।

शहर में बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव के कारण स्थिति बदतर होती जा रही है। अवैध वाहनों के कारण न केवल भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है, बल्कि इन वाहनों में सफर करना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है। यात्री कम किराए के लालच में अवैध वाहनों का सहारा ले रहे हैं, जिससे वैध रिक्शा चालकों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

रिक्शा यूनियनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन सिर्फ दिखावटी कार्रवाई कर रहा है, और ट्रैफिक पुलिस तथा आरटीओ इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे। हालांकि, ट्रैफिक विभाग का कहना है कि उनकी ओर से कार्रवाई जारी है। लेकिन सवाल उठता है कि क्या यह कार्रवाई स्थायी होगी या फिर कुछ दिनों बाद अवैध वाहन वापस लौट आएंगे?

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com