नई दिल्ली (सं. भा.) । बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया है। इस फैसले के बाद अब आकाश आनंद की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि बहन जी का हर फैसला मेरे लिए पत्थर की लकीर की तरह है, और मैं उनके हर निर्णय का सम्मान करता हूं।
आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं परमपूज्य आदरणीय बहन कु. मायावती जी का कैडर हूं, और उनके नेतृत्व में मैंने त्याग, निष्ठा और समर्पण के कभी न भूलने वाले सबक सीखे हैं। यह मेरे लिए केवल एक विचार नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य हैं। बहन जी का हर फैसला मेरे लिए पत्थर की लकीर के समान है, मैं उनके हर फैसले का सम्मान करता हूं और उनके साथ खड़ा हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “आदरणीय बहन जी द्वारा मुझे पार्टी के सभी पदों से मुक्त करने का निर्णय मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भावनात्मक है, लेकिन यह एक बड़ी चुनौती भी है। परीक्षा कठिन है और लड़ाई लंबी है। ऐसे समय में धैर्य और संकल्प ही सच्चे साथी होते हैं। बहुजन मिशन और मूवमेंट के सच्चे कार्यकर्ता की तरह, मैं पार्टी और मिशन के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा और अपनी आखिरी सांस तक अपने समाज के हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा।”


