जगदीशपुर (अमेठी) (सं. भा.) । क्षेत्र के भगीरथपुरम गांव में श्रीराम कथा के समापन के बाद रविवार को भव्य दंगल का आयोजन हुआ। इस दंगल में कुल 13 पहलवानों ने जोर आजमाइश की और अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
पहली कुश्ती वाराणसी के बृजेश और गोरखपुर के अंचल के बीच हुई, जिसमें बृजेश ने अंचल को पटखनी देकर जीत दर्ज की। दूसरी कुश्ती में अयोध्या के आशीष और हरियाणा के जितेंद्र आमने-सामने आए, जहां आशीष ने बाजी मार ली।
तीसरे मुकाबले में हरियाणा के हीरा और वाराणसी के दुर्गेश के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें आखिरकार हीरा ने दुर्गेश को हराकर जीत दर्ज की। चौथे मुकाबले में अयोध्या के आशीष और हरियाणा सोनीपत के कल्लू पहलवान आमने-सामने हुए, जिसमें आशीष ने अपनी कुश्ती का लोहा मनवाया।
इसके बाद वाराणसी के बृजेश और निहालपुर के हुकुम के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें हुकुम ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देते हुए जीत हासिल की। इसी तरह हरियाणा सोनीपत के जितेंद्र और गाजीपुर के गोविंद के बीच हुई कुश्ती में जितेंद्र ने अपनी कुश्ती का दम दिखाते हुए मुकाबला जीत लिया।
प्रतियोगिता के दौरान भारी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी, जिसने पहलवानों के दांव-पेंच का भरपूर आनंद लिया। आयोजन समिति की ओर से विजेता पहलवानों को सम्मानित किया गया।


