- 482 स्थानों पर लगाए जाएंगे पंप
मुंबई (सं. भा.) : मॉनसून की चुनौती से निपटने के लिए बीएमसी ने कमर कस ली है। बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें बीएमसी सहित विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारी वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए मुंबई सिटी और उपनगरों में 482 स्थानों पर पंप लगाए जाएं। पंपों की निगरानी के लिए जियो टैगिंग का इस्तेमाल किया जाए और यदि कोई पंप समय पर या सही तरीके से कार्य नहीं करता है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी 25 वॉर्डों में बने कंट्रोल रूम में मैन पावर की कोई कमी न हो।

गगरानी ने यह भी कहा कि पूर्वी उपनगरों में भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों में जिला कलेक्टर के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक उपाय किए जाएं। बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग, प्रमुख अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को मॉनसून के मद्देनजर तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मौजूद एनडीआरएफ अधिकारियों ने जानकारी दी कि उनकी टीमें आपातकालीन राहत कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नौसेना को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के साथ कमिश्नर ने फायर ब्रिगेड को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने का निर्देश दिया।


