मुंबई (सं. भा.) मानसूनी बीमारियों से निपटने के लिए बीएमसी प्रशासन ने जागरुकता अभियान छेड़ने का फैसला किया है। हिंदी और मराठी फिल्म के कलाकार और मशहूर हस्तियां इस अभियान में शामिल होंगी और मुंबईकरों से मच्छरों से बचाव के उपायों की अपील करेंगी। मानसून में मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियां बढ़ जाती हैं। रुके हुए पानी में मच्छरों की उत्पत्ति होती है।

अभियान के माध्यम से संदेश दिया जाएगा कि यदि समय रहते इन मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट कर दिया जाए तो डेंगू और मलेरिया पर काबू पाया जा सकता है। इसकी रोकथाम के लिए लघु फिल्मों के माध्यम से संदेश दिया जाएगा। नागरिकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके घर में, घर के आसपास और इमारतों के क्षेत्र में कहीं भी पानी जमा न हो। यदि रुका हुआ पानी हो तो उसे तुरंत सूखा देना चाहिए। टायर, नारियल के छिलके, प्लास्टिक की बोतल, ढक्कन, गमले और उनके नीचे की ट्रे. फ्रिज के नीचे डिफ्रॉस्ट ट्रे में पानी जमा न हो। फेंगशुई, मनी प्लांट जैसे सजावटी पौधों का पानी नियमित रूप से बदलें। सोते समय मच्छरदानी या मच्छर भगाने वाली दवा का उपयोग करें। बुखार होने पर तुरंत नजदीकी बीएमसी दवाखाने या अस्पताल से संपर्क करें और पूरा इलाज कराएं।


