मुंबई (सं. भा.) गणेशोत्सव 2025 को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने विशेष पहल की है। मूर्तिकारों को न केवल मंडप स्थापित करने के लिए निःशुल्क स्थान प्रदान किया जाएगा, बल्कि गणेश मूर्तियां बनाने के लिए आवश्यक शाडू मिट्टी भी मुफ्त में दी जाएगी।
परिमंडल 2 के उपायुक्त एवं गणेशोत्सव समन्वयक प्रशांत सपकाले ने सभी मूर्तिकारों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान में बीएमसी का सहयोग करें। उन्होंने मूर्तिकारों को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा और सभी प्रकार की आवश्यक मदद समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।

मूर्तिकारों को परमिट समय से मिल सके, इसके लिए एकल खिड़की योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इस उद्देश्य से परेल स्थित एफ दक्षिण प्रभाग कार्यालय में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण विभाग के उपायुक्त राजेश तम्हाणे, विभिन्न मूर्तिकार संघों के पदाधिकारी और कई मूर्तिकार शामिल हुए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि उच्च न्यायालय के आदेशों और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशानिर्देशों के अनुसार ही गणेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शाडू मिट्टी और मंडप स्थल ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर वितरित किए जाएंगे। प्रशांत सपकाले ने भरोसा दिलाया कि मंडपों की अनुमति भी यथाशीघ्र प्रदान की जाएगी।


