spot_img
Homeमुंबईमहारेरा के वारंटों पर अब तेजी से होगी कार्रवाई

महारेरा के वारंटों पर अब तेजी से होगी कार्रवाई

  • घर खरीदारों को मिलेगी बड़ी राहत

मुंबई (सं. भा.) घर खरीदारों की लंबी प्रतीक्षा अब खत्म होने की ओर है। महाराष्ट्र सरकार ने छह जिलों में 12 विशेष रिकवरी अधिकारियों की नियुक्ति कर घर खरीदारों को बड़ी राहत देने की पहल की है। ये अधिकारी महाराष्ट्र रियल एस्टेट रेग्युलेटरी अथॉरिटी (महारेरा) द्वारा जारी रिकवरी वारंटों को तेजी से लागू करेंगे, जिससे बकाया वसूली में गति आएगी।

रियल एस्टेट (रेग्युलेशन एंड डेवलपमेंट) अधिनियम की धारा 40(1) के तहत रिकवरी वारंट जारी करने का प्रावधान है। महारेरा अब तक 1,342 रिकवरी वारंट जारी कर चुका है, लेकिन केवल 316 मामलों में ही पूरी वसूली हो पाई है। अब तक 985.23 करोड़ रुपये में से मात्र 214.21 करोड़ की ही वसूली हो सकी है।

मुंबई सिटी, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और पुणे जिलों में कलेक्टरों को समन्वय अधिकारी तथा अपर कलेक्टर और अपर जिला दंडाधिकारी को रिकवरी अधिकारी नियुक्त किया गया है। हर जिले में दो अधिकारी तैनात होंगे, जो वसूली की रिपोर्ट सरकार और महारेरा को सौंपेंगे। मुंबई उपनगर और पुणे जिलों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

मुंबई उपनगर में 540 शिकायतों में 424.79 करोड़ रुपये वसूलने हैं, जिसमें से अब तक 80.49 करोड़ रुपये की ही वसूली हो पाई है। वहीं पुणे में 274 शिकायतों में 219.71 करोड़ रुपये बकाया हैं, जिसमें से मात्र 42.31 करोड़ रुपये की वसूली हुई है।

घर खरीदारों और महारेरा ने लंबे समय से रिकवरी प्रक्रिया तेज करने की मांग की थी। हाल ही में यह मुद्दा विधान परिषद में भी उठाया गया, जिसके जवाब में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अगले तीन महीनों में सभी रिकवरी वारंट मामलों के निपटारे का आश्वासन दिया था। सरकार के इस आदेश से बकाया वसूली में तेजी आने की उम्मीद है और घर खरीदारों को जल्द न्याय मिलने की संभावना है। महारेरा को सिविल कोर्ट जैसे अधिकार प्राप्त हैं, जिसके तहत वह दोनों पक्षों को सुनकर रिकवरी वारंट जारी करता है। अब अधिकारियों की नियुक्ति से प्रक्रिया में निश्चित तौर पर तेजी आएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com