- 7 साल में ही ₹27 करोड़ का फ्लाईओवर तोड़ने की तैयारी
- जनता का पैसा बर्बाद
मुंबई(स भा): मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक चौंकाने वाले फैसले पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीएमसी ने गोरेगांव में सिर्फ सात साल पहले बने विनायक दामोदर सावरकर फ्लाईओवर को तोड़कर उसकी जगह एक डबल-डेकर ब्रिज बनाने की योजना बनाई है। 27 करोड़ की लागत से 2018 में यातायात के लिए खोले गए इस फ्लाईओवर को तोड़ने का कोई ठोस कारण नहीं बताया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और विपक्ष में भारी रोष है।
प्रस्तावित डबल-डेकर फ्लाईओवर का एक सिरा वर्सोवा-दहिसर लिंक रोड और दूसरा गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) से जोड़ा जाएगा। हालांकि, इस नए निर्माण के लिए मौजूदा फ्लाईओवर को तोड़ना होगा, जिससे न सिर्फ जनता के पैसे की बर्बादी होगी, बल्कि गोरेगांव और मालाड के बीच भारी ट्रैफिक जाम की समस्या भी पैदा होगी। यह फ्लाईओवर रोजाना हजारों वाहनों को सहूलियत देता है और इसे तोड़ने से मालाड, मढ और मार्वे जाने वालों के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी हो जाएगी। यह पुल रेडिसन होटल और रुस्तमजी ओजोन के बीच यातायात को सुगम बनाता है और वेस्टर्न एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में मदद करता है।
बीएमसी के इस फैसले को लेकर विकास एजेंसियों के बीच तालमेल की कमी पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी तरह का एक मामला स्वामी समर्थ नगर से विक्रोली लिंक रोड फ्लाईओवर और मेट्रो-6 के ओवरलैप को लेकर सामने आया था, जिसके बाद यह प्रोजेक्ट मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को सौंप दिया गया था।

बीएमसी में विपक्ष के पूर्व नेता और मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष रवि राजा ने इसे मुंबईकरों के पैसे की बर्बादी बताया। उन्होंने पूछा कि जब एमएमआरडीए पूरे महामुंबई क्षेत्र की योजना बनाता है, तो बीएमसी और एमएमआरडीए की योजना में तालमेल क्यों नहीं है? समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रईस शेख ने भी इस कदम को जनता के पैसे की बर्बादी करार दिया। कांग्रेस विधायक असलम शेख ने भी कहा कि यह ऐतिहासिक लेट से बना पुल है, जो पांच साल भी पूरा नहीं हुआ है और इसे तोड़ने की बात हो रही है। उन्होंने बीएमसी की प्लानिंग पर सवाल उठाए। एएलएम माइंडस्पेस मलाड के अध्यक्ष शहजाद रुस्तमजी ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर यह पुल गिरा दिया जाता है, तो इसका असर इलाके में घरों की कीमतों और व्यापार पर पड़ेगा और बीएमसी को इस कदम पर पुनर्विचार करना चाहिए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि बीएमसी ने फ्लाईओवर को नुकसान पहुंचाए बिना कोस्टल रोड-2 परियोजना पूरी करने के लिए सर्वेक्षण किया था, लेकिन इस हिस्से को बायपास करने का कोई रास्ता नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह फैसला मजबूरी में लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित डबल-डेकर फ्लाईओवर का ऊपरी डेक माइंडस्पेस और दिंडोशी कोर्ट के बीच कनेक्टर का काम करेगा, जबकि निचला डेक नए सावरकर फ्लाईओवर के रूप में इस्तेमाल होगा।


