हिंदू संगठनों ने किया मंदिर होने का दावा
फ़तेहपुर (स भा): उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर जिले के आबूनगर में स्थित नवाब अब्दुल समद के मकबरे को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और हिंदू संगठनों ने दावा किया है कि इस मकबरे का निर्माण एक पुराने शिव मंदिर को तोड़कर किया गया था। इस दावे के बाद जिले में तनाव का माहौल है और प्रशासन ने मकबरे को सील कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं और उन्होंने 11 अगस्त, 2025 को मकबरे के भीतर पूजा करने की घोषणा की थी। हिंदू संगठनों का दावा है कि मकबरे के अंदर एक शिवलिंग है और पहले यहाँ के बरामदे में नंदी विराजमान थे। इसके अलावा, संगठनों ने मकबरे की दीवारों और गुंबदों पर उकेरी गई फूल और त्रिशूल जैसी कलाकृतियों को भी मंदिर होने का सबूत बताया है। फ़तेहपुर की मठ मंदिर संरक्षण संघर्ष समिति ने भी जिलाधिकारी से मकबरे के भीतर शिव मंदिर में पूजा करने की अनुमति मांगी है।
दूसरी तरफ, राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल ने जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत देकर मकबरे के स्वरूप से किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करने की अपील की है। मकबरे के मुतवल्ली मो. नफ़ीस ने बताया कि यह मकबरा करीब 500 साल पुराना है और इसमें अबू मोहम्मद और अबू समद की मजारें हैं, जिसे अकबर के पोते ने लगभग 10 साल में बनवाया था। वहीं, एक स्थानीय युवक ने बताया कि 2007-2008 में वह यहाँ शिवलिंग पर दीपक जलाने गया था और 2011 के आसपास मंदिर के स्वरूप से छेड़छाड़ की गई थी।
आज जिले में पुलिस के सामने अराजकता की स्थिति देखने को मिली। डीएम और एसपी की कथित गलतियों के कारण फ़तेहपुर में तनाव बढ़ गया। मुख्यमंत्री ने कई बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को जातीय और सांप्रदायिक मामलों में यथास्थिति बनाए रखने और किसी भी कीमत पर तनाव न बढ़ने देने के आदेश दिए थे। लेकिन इस मामले में एसपी से लेकर एडीजी तक और डीएम से लेकर कमिश्नर तक लापरवाह बने रहे।
हज़ारों की संख्या में जुटे हिंदू संगठनों की भीड़ ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए और मकबरे तक जा पहुंची। भीड़ ने मकबरे के ऊपर चढ़कर बवाल किया, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। हालांकि, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किसी भी तरह की तोड़फोड़ से इनकार किया है। फिलहाल, माहौल शांत है, लेकिन दोनों पक्षों में तनाव बरकरार है।
फतेहपुर में विवादित स्थल पर IG का निरीक्षण, अराजकतत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई

फतेहपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के विवादित मकबरा-मंदिर मामले को लेकर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र प्रयागराज डॉ. संजीव गुप्ता ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, कई सर्किल के क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान अराजकतत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारी स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, वहीं पुलिस ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


