spot_img
Homeफिल्मी खबरेंसिनेमा हॉल में पहुंची बॉर्डर 2, सनी देओल ने साझा किए पर्दे...

सिनेमा हॉल में पहुंची बॉर्डर 2, सनी देओल ने साझा किए पर्दे के पीछे के पल

मुंबई (सं.भा.): देशभक्ति और जज़्बे से भरी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉर्डर 2 आखिरकार शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म के प्रदर्शन के पहले दिन सनी देओल पूरी तरह आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा से भरे नजर आए।

रिलीज के मौके पर सनी देओल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें फिल्म की शूटिंग के दौरान के हल्के-फुल्के पल, सेट की मस्ती और कुछ प्रभावशाली दृश्य नजर आए। वीडियो में सनी देओल को शूटिंग ब्रेक के दौरान छोले-भटूरे का आनंद लेते हुए भी देखा जा सकता है। पोस्ट के बैकग्राउंड में फिल्म का चर्चित गीत ‘तारा रम पम पम’ इस्तेमाल किया गया है, जिसने दर्शकों को पहली बॉर्डर की याद दिला दी।

अपने संदेश में सनी देओल ने लिखा कि अब न किसी तरह की चिंता है और न ही कोई दबाव, बस वक्त है दर्शकों के साथ मिलकर फिल्म का आनंद लेने का। उनका यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। बॉर्डर 2, जे.पी. दत्ता की सुपरहिट फिल्म बॉर्डर की विरासत को आगे बढ़ाती है। नई फिल्म भी 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, लेकिन इसे आधुनिक प्रस्तुति और नई भावनात्मक परतों के साथ दर्शकों के सामने रखा गया है। फिल्म में सनी देओल एक बार फिर फौजी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जहां वह सिपाही फतेह सिंह कलेर की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा अहम भूमिकाओं में हैं। निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है। फिल्म को बिना किसी कट के यूए 13+ सर्टिफिकेट के साथ रिलीज किया गया है। देशभक्ति, भावनाओं और बड़े पैमाने की कहानी के साथ बॉर्डर 2 को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ऊंची हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com