मुंबई (सं.भा.): मुंबई में कचरा प्रबंधन को लेकर नियम और सख्त होने वाले हैं। केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम, 2026 के अनुरूप अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) घरेलू खतरनाक कचरे को अलग न करने पर जुर्माना लगाने पर विचार कर रही है। इसके लिए शहर के मौजूदा ठोस कचरा प्रबंधन नियमों में बदलाव की तैयारी की जा रही है।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मंगलवार को एसडब्ल्यूएम नियम, 2026 को अधिसूचित किया है, जो पिछले दस वर्षों से लागू एसडब्ल्यूएम नियम, 2016 की जगह लेंगे। ये नए नियम 1 अप्रैल से देशभर की शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों में लागू होंगे और बड़े आवासीय परिसरों, विश्वविद्यालयों व अन्य बड़े कचरा उत्पादकों पर भी प्रभावी होंगे।
नए नियमों के तहत कचरे को स्रोत पर ही चार श्रेणियों में अलग करना अनिवार्य किया गया है। इसमें पहली बार घरेलू खतरनाक कचरे के पृथक संग्रह को स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है। इस श्रेणी में इस्तेमाल किए गए डायपर, सैनिटरी नैपकिन, टैम्पोन, कंडोम, इनकॉन्टिनेंस शीट्स और अन्य स्वास्थ्य व स्वच्छता से जुड़े अवशोषक उत्पाद शामिल होंगे।
बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शहर में चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है, जिसमें घरेलू खतरनाक कचरे के लिए अलग श्रेणी होगी। इस तरह का कचरा पीले रंग के डिब्बों में एकत्र किया जाएगा। यदि नियमों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित हाउसिंग सोसायटियों और संस्थानों पर जुर्माना लगाए जाने की संभावना है।


