ठाणे (सं. भा.) मुंबई से सटे ठाणे जिले के शील-फाटा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुचारु और सुरक्षित बनाने की कोशिशों के बीच अवैध कनेक्शन और नेटवर्क से छेड़छाड़ एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। बढ़ती बिजली चोरी और असुरक्षित नेटवर्क के कारण न सिर्फ बार-बार पावर कट की समस्या गहरा रही है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती जा रही है।
मार्च 2020 में टोरेंट पावर ने महावितरण के फ्रेंचाइजी के रूप में इस क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाली थी, जिसका उद्देश्य जर्जर नेटवर्क को सुधारना और लगातार होने वाली बिजली कटौती से राहत दिलाना था। बीते छह वर्षों में नेटवर्क सुधार के प्रयास जरूर हुए हैं, लेकिन अवैध बिजली कनेक्शन अब भी बड़ी बाधा बने हुए हैं।
देवरीपाड़ा, राशिद कंपाउंड, जीवन बाग, अमीनाबाद, अमृत नगर सहित कई इलाकों में कुछ लोग निजी लाभ के लिए बिजली नेटवर्क के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। इसका खामियाजा उन उपभोक्ताओं को भी भुगतना पड़ रहा है, जो वैध तरीके से बिजली कनेक्शन लेकर बिल भरते हैं।
अवैध हुकिंग और नेटवर्क में छेड़छाड़ के कारण सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे बार-बार फॉल्ट और पावर कट की स्थिति बनती है। इसके अलावा, खुले तार और ओवरलोडिंग बड़े हादसों को भी न्योता दे रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है।
टोरेंट पावर की टीम जब नेटवर्क की मरम्मत और सफाई के लिए क्षेत्र में पहुंचती है, तो उन्हें कई बार विरोध का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समय पर रखरखाव नहीं होने पर भीषण गर्मी में पूरी व्यवस्था ठप होने का खतरा बढ़ जाता है।
कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध बिजली कनेक्शन को बढ़ावा न दें और नेटवर्क के रखरखाव कार्य में सहयोग करें, ताकि क्षेत्र को सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
बिजली चोरी बनी बड़ी समस्या, ईमानदार उपभोक्ता भुगत रहे सजा
RELATED ARTICLES


