मुंबई (सं.भा.): हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार तीन महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरारी काट रहे आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास उर्फ विक्की राजू निनानिया के रूप में हुई है। वह 6 दिसंबर 2025 को हुए हमले के बाद से फरार था और उसकी तलाश जारी थी।
पुलिस के मुताबिक उस रात हैदराबाद निवासी सिक्योरिटी गार्ड आरिफ शेख अपने दोस्तों के साथ दहिसर के आनंद नगर ब्रिज के पास खड़ा था। उसी दौरान सनी सालेकर और उसके साथियों ने वहां पहुंचकर उस पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि प्रेमिका को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि हमलावरों ने आरिफ शेख पर तलवार और चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उसे कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए कूपर अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में शामिल कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन विकास उर्फ विक्की फरार हो गया था। इस मामले की जांच कर रही दहिसर पुलिस स्टेशन मुंबई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की आगे जांच जारी है।


