spot_img
Homeमुंबईगणेश नगर का 90 फीट रोड अवैध मच्छी बाजार में तब्दील

गणेश नगर का 90 फीट रोड अवैध मच्छी बाजार में तब्दील

मनपा की उदासीनता से स्थानीय लोग परेशान

कांदिवली (स भा): मुंबई महानगर पालिका के आर/ साउथ वार्ड के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 31 के गणेश नगर क्षेत्र का 90 फीट रोड इन दिनों अवैध मच्छी विक्रेताओं और फेरीवालों के कब्जे में है। हाई कोर्ट के निर्देशों के बावजूद फुटपाथ और सड़क पर रोज ब रोज फैलते इन अस्थायी धंधों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मनपा के एंक्रोचमेंट विभाग में कुछ तत्वों ने एक निजी व्यक्ति के माध्यम से वसूली व्यवस्था बना रखी है, जो रोजाना इन धंधों से पैसा इकट्ठा करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सब मनपा और पुलिस की जानकारी में होते हुए भी अनदेखा किया जा रहा है।

रहवासियों के मुताबिक, कभी इस सड़क से बस चलती थीं, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी कठिन हो गया है। ट्रैफिक जाम, गंदगी और दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

परिवर्तन फाउंडेशन के अध्यक्ष राज किशोर तिवारी ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया है। तिवारी का कहना है कि “हम किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहते, बस चाहते हैं कि क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक योगेश सागर जी इस मुद्दे पर ध्यान दें और जनता को राहत दिलाने के लिए मनपा व पुलिस से समन्वय स्थापित करें।”

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जैसे बोरीवली के विधायक श्री संजय उपाध्याय ने अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर फेरीवालों पर नियंत्रण किया और जनता की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की, वैसे ही अगर चारकोप क्षेत्र में भी वैसी पहल की जाए तो स्थिति जल्द सुधर सकती है।

रहवासी अब उम्मीद जता रहे हैं कि मनपा प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मिलकर इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाएंगे, ताकि 90 फीट रोड फिर से स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बन सके तथा लोग इसका उपयोग सड़क के रूप में कर सकें। बशर्ते स्थानीय जन प्रतिनिधि इसे सुलझाने के प्रति गंभीर हो जाएं अन्यथा लोगों को अव्यवस्था, दुर्गंध व गंदगी से इसी तरह से दो चार होना पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com