फतेहपुर, (सं. भा.) : समाज में जागरूकता, शिक्षा और एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फतेहपुर के मलवां विकासखंड क्षेत्र में निषाद समाज द्वारा भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सामाजिक एकता के साथ-साथ प्रतिभाओं को सम्मानित कर समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
गंग तराई क्षेत्र के भाऊपुर ग्राम सभा में आयोजित इस कार्यक्रम में निषादराज गुह्य और महर्षि कश्यप की जयंती धूमधाम से मनाई गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री विशम्भर निषाद, पूर्व सांसद महेंद्र निषाद तथा बिन्दकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी उपस्थित रहे। अतिथियों का फूलमाला और अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान निषाद समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बिन्दकी नगर पालिका की नवनियुक्त सभासद सोमवती निषाद को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विशम्भर निषाद ने कहा कि शिक्षा और एकजुटता के माध्यम से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है। उन्होंने निषादराज गुह्य के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भगवान श्रीराम के वनवास के दौरान मित्रता और समर्पण की अद्भुत मिसाल पेश की थी।
वहीं विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और गंगा तराई क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने निषादराज गुह्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन विजयपाल एडवोकेट ने किया, जबकि आयोजक पूर्व ग्राम प्रधान मनीराम निषाद ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग उपस्थित रहे।
निषाद समाज का भव्य आयोजन, प्रतिभाशाली छात्रों का हुआ सम्मान
RELATED ARTICLES


