मीरा रोड (सं.भा.): साहित्यिक अभिव्यक्ति और भावनात्मक संवेदनाओं से भरपूर वातावरण में स्वरसंगम फाउंडेशन की ओर से विरंगुला केंद्र, मीरा रोड पूर्व में नवरस गीत–नवगीत संध्या का भव्य आयोजन किया गया। गीत और नवगीत की परंपरा से लेकर आधुनिक संवेदना तक की यात्रा को समर्पित यह आयोजन कई अर्थों में बेहद सफल और यादगार साबित हुआ, जिसे साहित्यप्रेमियों ने स्वरसंगम फाउंडेशन का एक और अभिनव प्रयास बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुधाकर मिश्र ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी डॉ. अनिल गौड ने निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शीतला प्रसाद दुबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संकल्पना डॉ. जे.पी. बघेल की थी। प्रारंभ में स्वरसंगम फाउंडेशन की ओर से डॉ. हरिप्रसाद राय ने अतिथियों का स्वागत किया, वहीं राकेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में वरिष्ठ से लेकर युवा गीतकारों और नवगीतकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत, लोकगीत और नवगीत की सजीव छटा ने साहित्यिक माहौल को सरस और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। वर्षों बाद गीतों पर केंद्रित इस तरह के आयोजन को नए और उभरते गीतकारों को सुनने व उनसे परिचित होने का महत्वपूर्ण अवसर माना गया।
विशेष आकर्षण के रूप में श्री जयप्रकाश मिश्र ‘मिलिंद’ की प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं अध्यक्षीय काव्यपाठ के दौरान डॉ. सुधाकर मिश्र भावनाओं में इस कदर डूबे कि ऐसा लगा मानो वे अपनी स्मृतियों के पुराने पन्नों में लौट गए हों। उनके गीतों का पाठ सजल नेत्रों और गहरी संवेदना के साथ हुआ, जिसने पूरे सभागार को भावुक कर दिया। डॉ. शीतला प्रसाद दुबे ने भी गीतों के प्रति अपने आत्मीय लगाव की चर्चा करते हुए काव्यपाठ किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कवियों और साहित्यप्रेमियों ने जमकर काव्यरस का आनंद लिया। स्वरसंगम फाउंडेशन की ओर से भविष्य में भी इस प्रकार के साहित्यिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया और सभी कवियों व श्रोताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।


