बोरीवली और दहिसर में पानी आपूर्ति की समस्या
मुंबई (सं. भा.) : पश्चिम उपनगर के अंतर्गत आनेवाले कांदिवली, बोरीवली और दहिसर इलाके में पानी आपूर्ति बेहतर करने के लिए बीएमसी 9 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बीएमसी जलापूर्ति विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 80 से 300 मिमी व्यास की पाइपलाइन की मरम्मत की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार उसे बदला भी जाएगा। अधिकारी ने बताया कि कांदिवली इलाके में दत्तानी हाउसिंग सोसायटी से एमजी रोड कांदिवली पश्चिम तक 150 मिमी से 250 मिमी व्यास की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। कांदिवली पूर्व में येलो गेट आकुर्ली रोड से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे से सर्विस रोड पर 300 मिमी व्यास की पाइपलाइन • बिछाई जाएगी। इससे हजारों नागरिकों को फ़ोर्स के साथ पानी मिलेगा। कांदिवली पश्चिम में ही स्टेशन रोड पर दलवी रोड से नारायण जोशी मार्ग तक 150 मिमी व्यास पाइपलाइन बिछाई जाएगी। दहिसर पूर्व की में एस एन दुबे मार्ग चूनाभट्टी में सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई है जिससे पाइपलाइन को खिसकाया गया था, अब बीएमसी ने सड़क के उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ 300 मिमी व्यास की पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया है।

बीएमसी ने मुंबईकरों के लिए पानी आपूर्ति बेहतर करने के लिए 250 से 300 करोड़ रुपये से खर्च करने का निर्णय लिया है। पश्चिम उपनगर में बांद्रा, अंधेरी, गोरेगांव, मालाड, कांदिवली, बोरीवली और दहिसर एरिया में पानी की समस्या रहती है। इन इलाकों से बीएमसी के पास अक्सर शिकायत आती है कि लीकेज के कारण पानी बर्बाद हो रहा है।


