नायगांव (सं. भा.) : दूरदर्शन के लोकप्रिय हास्य धारावाहिक हम तो मिडल क्लास हैं जी के आखिरी एपिसोड का चित्रीकरण पूर्ण हो गया। भारत में इस धारावाहिक को भरपूर सराहना और प्यार मिला है। शो के अब तक 150 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं और अब जल्द ही इसका अंतिम एपिसोड ऑनएयर किया जाएगा।
यह धारावाहिक एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार की दिनचर्या और उसकी छोटी-बड़ी जद्दोजहद को हास्य के रंग में प्रस्तुत करता है। सोमवार से शुक्रवार शाम 8 बजे डीडी नेशनल पर इसका प्रसारण होता रहा और इसकी टीआरपी दूरदर्शन के हास्य धारावाहिकों में उल्लेखनीय रही।
धारावाहिक की मुख्य किरदार ‘सरलाजी’ ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। पूरी कहानी उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती रही, जो इस शो की जान बन गईं। निर्देशन अनुज कपूर ने किया, जिन्होंने हर दृश्य में हास्य और जीवन के यथार्थ को बखूबी पिरोया।
आखिरी एपिसोड के चित्रीकरण के अवसर पर केक काटकर सेलिब्रेशन किया गया। निर्देशक अनुज कपूर ने सभी कलाकारों और तकनीकी टीम का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने धारावाहिक को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। उन्होंने यह भी वादा किया कि जल्द ही इसी टीम के साथ एक नई कहानी लेकर दर्शकों के बीच वापसी करेंगे।


