- दोनों करना चाहते थे शादी
- घरवालों का था विरोध
मुंबई (सं. भा.) घर वालों के द्वारा शादी का विरोध किए जाने से परेशान प्रेमी ने अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ पहाड़ी से कूद कर जान दे दी। मामला कांदिवली (पूर्व) के समता नगर इलाके का है। लड़की की उम्र 16 साल और लड़के की उम्र 21 साल बताया गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही समता नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक पहाड़ी से कूदकर जान देने वाले लड़के ने जाते समय मोबाइल फ़ोन पर घर वालों को मैसेज किया था कि मैं जा रहा हूं और अब कभी लौट कर नहीं आऊंगा। फिलहाल एडीआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय आकाश झटे हाउस कीपिंग का काम करता था और 16 वर्षीय लड़की कॉलेज की छात्रा थी। दोनों कांदिवली पूर्व के जानुपाड़ा इलाके में अगल-बगल रहते थे और दोनों में काफी समय से प्रेम प्रसंग था।

दोनों के प्यार और शादी का विरोध उनके घरवाले कर रहे थे। इससे दोनों काफी नाराज थे। इस बीच शनिवार दोपहर 12.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जानूपाड़ा खदान में दो लोगों की लाशें पड़ी हैं, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समता नगर पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक पता चला कि लड़की उसके दोस्त के साथ कहीं गई थी।


