spot_img
Homeमुंबईनूर सामाजिक संस्था का मेगा मेडिकल एवं रक्तदान शिविर संपन्न

नूर सामाजिक संस्था का मेगा मेडिकल एवं रक्तदान शिविर संपन्न

मामू की स्मृति में सेवा का संगम

मुंबई (सं.भा.): सेवा, संवेदना और समर्पण को अपना मूल मंत्र बनाने वाली नूर सामाजिक संस्था ने स्वर्गीय मोहिद्दीन मस्तान शेख (उर्फ मामू) की पुण्य स्मृति में एक भव्य निःशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर मातुश्री मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के सहयोग से कांदिवली (पश्चिम) के चारकोप स्थित के.डी. कंपाउंड, सिम्फोनी टावर के पीछे आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में रक्तदान के साथ-साथ निःशुल्क ईसीजी, शुगर जांच, रक्तचाप परीक्षण, नेत्र परीक्षण तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा वितरण की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही शिविर में लोगों की भारी भीड़ देखी गई, जिससे आयोजन की उपयोगिता और जनविश्वास का परिचय मिला। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव ने स्व. मामू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे सदैव जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे और उनकी स्मृति में आयोजित यह शिविर उनके सेवा-भाव को सजीव बनाए रखने का सशक्त माध्यम है।

नगरसेविका मनीषा यादव ने नूर सामाजिक संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में शिवसेना विभाग प्रमुख संतोष राणे, अजहर सिद्दीकी, रिजवाना खान, फरज़ाना चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान अजहर सिद्दीकी ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया।

नूर सामाजिक संस्था के अध्यक्ष शाहरुख शेख ने बताया कि संस्था वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्व. मामू की सेवा भावना संस्था के लिए प्रेरणा स्रोत है। पूरा कार्यक्रम संस्था के सलाहकार फिरोज शेख के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com