- कार्रवाई की मांग
प्रमोद कुमार
डोंबिवली (सं. भा.) । मानसून की आहट के बीच मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में हुई हल्की बारिश ने ही डोंबिवली के विधायक राजेश मोर की चिंता बढ़ा दी है। डोंबिवली एमआईडीसी क्षेत्र में नालों की सफाई की धीमी गति और कथित घटिया गुणवत्ता वाले काम को लेकर विधायक ने तीखी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक राजेश मोर ने हाल ही में एमआईडीसी क्षेत्र में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया, जिसके बाद उन्होंने उद्योग मंत्री उदय सामंत को एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि एमआईडीसी द्वारा कराया जा रहा नाली का काम अत्यंत निम्न स्तर का है और कई महत्वपूर्ण नालों की सफाई अभी तक शुरू भी नहीं हुई है। विधायक ने आशंका जताई कि यदि यही हाल रहा तो बरसात का पानी आसानी से लोगों के घरों में घुस जाएगा, जिससे भारी नुकसान हो सकता है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, विधायक मोर ने मांग की है कि नाला सफाई के काम में लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि काम में तेजी लाई जा सके और गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जा सके। इस मामले में हरकत में आई केडीएमसी की सिटी इंजीनियर अनिता परदेशी ने भी एमआईडीसी के संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर नालों में रखे भराव को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, उन्होंने एमआईडीसी के अधिकारियों को नाला सफाई के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए भी निर्देशित किया है। अब देखना यह है कि विधायक की इस नाराजगी और केडीएमसी के निर्देशों के बाद एमआईडीसी के अधिकारी कितनी तेजी से काम करते हैं और क्या मानसून से पहले डोंबिवली के नागरिकों को जलभराव की समस्या से निजात मिल पाती है।


