spot_img
Homeमुंबईमुंबई में महसूस होने लगी ठंडक, मौसम ने बदली करवट

मुंबई में महसूस होने लगी ठंडक, मौसम ने बदली करवट

तापमान में आई गिरावट से सर्दी का आगाज़

मुंबई(सं. भा.): मानसून की विदाई के साथ ही मुंबई और राज्य के कई हिस्सों में अब गुलाबी ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और देर रात की हवा में अब ठंडक का असर महसूस होने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है। शनिवार को कोलाबा वेधशाला में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सांताक्रूज़ केंद्र पर 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है, जो सर्दी के आगमन का संकेत दे रहा है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है।
नाशिक में 13.4 डिग्री, जलगांव में 10 डिग्री, बीड में 13.5 डिग्री, परभणी में 14.4 डिग्री, सांगली में 18 डिग्री और डहाणू में 19.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब वातावरण में आर्द्रता में कमी आने लगी है, जिससे रातें ठंडी और दिन सुहावने हो रहे हैं।
नवंबर के मध्य तक तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मुंबईवासी फिलहाल इस हल्की गुलाबी ठंड का आनंद ले रहे हैं, लेकिन मौसम विभाग ने आगाह किया है कि सुबह-शाम ठंडक बढ़ने के साथ सर्दी-जुकाम से बचाव की सावधानी बरतना जरूरी होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com