न्यूनतम किराया होगा
5 से बढ़ा कर 10 रुपये
मुंबई (सं. भा.) लोकल ट्रेन के बाद बेस्ट बस को मुंबई का दूसरा लाइफ लाइन कहा जाता है। घाटे में होने के कारण मुंबई की इस लाइफ लाइन की वितीय सेहत इन दिनों काफी खराब हो गई है। इसे सुधारने के लिए बेस्ट प्रशासन ने टिकट भाड़े में बढोतरी करने का निर्णय लिया है।
बता दें कि टैक्सी-रिक्शा के बाद मुंबईकरों के लिए बेस्ट बस यात्रा महंगी हो सकती है। बेस्ट प्रशासन ने किराए में दोगुनी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है। नॉन-एसी बसों का न्यूनतम किराया 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये और एसी बसों का किराया 6 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये करने की योजना है। बेस्ट बस सेवा मुंबई की लाइफलाइन मानी जाती है, जिससे लाखों यात्री रोज सफर करते हैं। हालांकि, बेस्ट लंबे समय से घाटे में चल रहा है। कर्मचारियों के वेतन और अन्य खर्चों को देखते हुए किराया बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। बेस्ट के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे धारावी पुनर्विकास परियोजना के सीईओ एस. वी. आर. श्रीनिवास ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में घाटे की भरपाई के लिए किराया बढ़ाने पर चर्चा हुई। हालांकि, अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है।

टैक्सी-रिक्शा के बाद बेस्ट भी महंगा : अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो आम यात्रियों पर सीधा असर पड़ेगा। लोकल ट्रेन के बाद बेस्ट ही मुंबई में सबसे किफायती परिवहन सेवा है। किराया बढ़ने से यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ेगा। हाल ही में मुंबई में ऑटो और टैक्सी के किराए में भी बढ़ोतरी हुई थी। अब ऑटो का न्यूनतम किराया 23 रुपये, टैक्सी का 31 रुपये और कूल कैब का 48 रुपये हो गया है। बेस्ट प्रशासन जल्द ही किराया बढ़ोतरी पर अंतिम फैसला लेगा। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिली, तो मुंबईकरों को अधिक किराया चुकाना पड़ेगा।


