- कम किराए में आसानी से मिल जाते हैं झोपड़े
मुंबई (सं. भा.) मुंबई के झोपड़पट्टी बांग्लादेशी घुसपैठियों के ठिकाने बन गए हैं। इसका ताजा उदाहरण फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद है, जो वर्ली गांव में छह अन्य लोगों के साथ एक किराये के कमरे में रहता था। वर्ली सहित मुंबई और ठाणे आदि इलाकों में बन रही इमारतों में मजदूरी करने वाले ज्यादातर मजदूर बांग्लादेशी नागरिक हैं। एक तरफ जहां ठेकेदारों को सस्ते रेट में मजदूर मिल जाते हैं, वहीं बांग्लादेशी घुसपैठिए पश्चिम बंगाल का निवासी बताकर किराये के झोपड़ों में रहने लगते हैं। मालाड में मालवणी, पठानवाड़ी, वर्ली में नेहरू नगर, मरियम नगर, जीजामाता नगर, बी डी ब्लॉक, बोरीचा मार्ग, मानखुर्द, जोगेश्वरी, गोवंडी जैसे कई इलाकों में बांग्लादेशी घुसपैठिये बिना किसी दस्तावेज के रह रहे हैं। ये घुसपैठिए मुंबई के अलग-अलग रेस्टोरेंट में हाउसकीपर, वाचमैन या बिल्डिंग निर्माण में मजदूर के तौर पर काम करते हैं।
पुलिस कर रही है जांच
- सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद भले ही पुलिस बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह पर पुलिस इनके दस्तावेजों की जांच कर रही है, लेकिन घुसपैठियों के आतंक से आम नागरिकों में दहशत है।
- वर्ली गांव में रहने वाले कपिल ने कहा कि हमारे आसपास किस तरह के लोग रहते हैं। इसकी जानकारी हमें नहीं होती है। इसलिए पुलिस वेरिफिकेशन होना जरूरी है। अवैध बांग्लादेशी गलत तरीके से आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हासिल कर लेते हैं।
- बीजेपी नेता किरीट सोमैया के मुताबिक 2024 में महाराष्ट्र में 1.50 लाख से अधिक अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों ने भारतीय नागरिकता का फर्जी दस्तावेज हासिल किया है। उन्होंने इस गड़बड़ी की गहन जांच और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बांग्लादेश के साथ पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की कुल 1879 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं हैं। इन चार राज्यों में त्रिपुरा के साथ 856 किलोमीटर का सबसे बड़ा बॉर्डर है। भारत की सीमा पर लगी फेंसिंग को सुरक्षा कवच मानी है। बिहार के किशनगंज व झारखंड जवाई गांव में बांग्लादेशी आज भी बड़े पैमाने पर घुसपैठ करते हैं।

मुंबई ही नहीं, पूरे देश में अवैध तौर पर रहने वाले बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों से देश को मुक्त किया जाना चाहिए। इन लोगों के कारण देश का आपसी ताना-बाना खराब हो रहा है। अगर हम आज नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ी के लिए जीना मुश्किल हो जायेगा।
– संजय उपाध्याय, विधायक
बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। मुंबई के कई इलाकों में बांग्लादेशी बिना वैध एग्रीमेंट के रह रहे हैं, उनकी पहचान कर उनको बांग्लादेश भेजना चाहिए।
– अविनाश शिंदे


