- यात्रियों को मिलेगा शाही एहसास
मुंबई (सं. भा.) जल्द ही मुंबई की लोकल से यात्रा करने वाले यात्रियों को नई-नवेली वंदे मेट्रो लोकल की यात्रा करने का मौका मिलेगा जिससे उन्हें शाही यात्रा का एहसास होगा। मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मुंबई के लाखों लोगों को जल्द ही वंदे मेट्रो में सफर करने का मौका मिलने वाला है और इसके लिए रेलवे बोर्ड ने वंदे मेट्रो के 238 रेकों को खरीदने के लिए मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के मिलने के बाद मुंबई रेल विकास कारपोरेशन अर्थात एमआरवीसी ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन सभी 238 वंदे मेट्रो रेक की खरीदारी एमआरवीसी की निगरानी में की जाएगी। वन्दे मेट्रो को चलाने का काम MUTP-3 और 3A प्रोजेक्ट के तहत किया जायेगा।
एमआरवीसी के सीएमडी सुभाष गुप्ता ने बताया है कि लोकल ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह बड़ा एतिहासिक कदम है और उनकी टीम वंदे मेट्रो को खरीदने की मंजूरी मिलने के बाद तमाम अन्य प्रक्रियाओं को हम करने में जुट गई है। रेलवे बोर्ड से इस मंजूरी के मिलने के बाद वंदे मेट्रो के दो डिपो को बनाने का काम भी एमआरवीसी ने शुरू कर दिया है।

मेक इन इंडिया होंगे कोच
बता दें कि वंदे मेट्रो ट्रेनों का ऐलान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस साल आम व रेलवे बजट पेश करने के बाद किया था। इस ऐलान के बाद से वंदे मेट्रो चलाने को लेकर रेलवे बोर्ड लगातार जुटा हुआ था। मुंबई में लोकल ट्रेनों में हर दिन लगभग 80 लाख के करीब यात्री यात्रा करते हैं। इन यात्रियों के लिए मध्य रेलवे हर दिन करीब 1700 और पश्चिम रेलवे करीब 1400 ट्रेनों का परिचालन करता है। ऐसे में वंदे मेट्रो की मंजूरी मिलने के बाद यात्रियों को नए अनुभव के साथ सफर करने का मौका मिलेगा। यह वंदे मेट्रो ट्रेन मेक इन इंडिया के तहत बनाई जाएंगी।


