
उन्नाव (सं.भा.)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास क्षेत्र में बने कट का कार्य पूरा होने के बाद तैयार टोल प्लाजा जून माह के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। इससे इस पर सफर करने वालों को खासा फायदा होगा। यूपीडा अधिकारियों की मानें तो इस टोल प्लाजा के शुरू होने से लोकल के लोगों का टोल टैक्स आधा हो जाएगा। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। एक्सप्रेस-वे पर कस्बा औरास के जंगलेश्वर मंदिर व अटिया गांव के पास नव निर्मित कट का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अभी तक औरास के पास से इस एक्सप्रेस-वे पर शुरुआत में कोई कट पास नहीं था। जिससे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव से औरास के आसपास कट की मांग की थी। उन्होंने यूपीडा अधिकारियों को निर्देश दिए थे, लेकिन यह कार्य शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद सांसद साक्षी महाराज व क्षेत्रीय विधायक बृजेश रावत ने सीएम व यूपीडा अधिकारियों को पत्र लिखकर औरास में कट की मांग की। जिस पर कसस्बा के जंगलेश्वर मंदिर के पास लखनऊ जाने व अटिया गांव के पास आगरा की ओर जाने के लिए कट पास हुए। अब यह बनकर तैयार हो गए हैं। यूपीडा सूत्रों की मानें तो इनकी आगामी एक जून से शुरुआत होने की उम्मीद है। बताया कि पहले लखनऊ से औरास आने-जाने के दौरान लखनऊ के पास बने टोल से बांगरमऊ तक का 120 रुपये टैक्स लिया जाता था। अब टोल प्लाजा शुरू होने से यह घटकर 60 रुपये हो जाएगा। वहीं इन कट से सीतापुर, कानपुर, उन्नाव व हरदोई के लोग भी आसानी से औरास के पास टोल देकर लखनऊ व आगरा जा सकेंगे।


