- बुकी अनिल जयसिंघानी गुजरात से हुआ गिरफ्तार
- अमृता फडणवीस रिश्वत मामला
मुंबई (सं. भा.) : महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को रिश्वत देने के मामले में फरार चल रहा बुकी अनिल जयसिंघानी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुंबई पुलिस की साइबर क्राइम के मार्गदर्शन में बनी 5 टीमों ने 72 घंटे तक किए गए अपने अथक प्रयास के बाद ऑपरेशन AJ को सफल बनाया। अनिल जयसिंघानी को गुजरात के गोधारा के पास से गिरफ्तार करने में सफल रही है। इसकी बेटी अनिक्षा को मुंबई पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी डॉ बालसिंग राजपूत ने बताया कि, अनिक्षा जयसिंघानी और अनिल जयसिंघानी को क्राइम ब्रांच मलाबार हिल पुलिस को हैंडओवर करेगी। मामले में कौन-कौन शामिल हैं उसकी जांच पुलिस करेगी।

आरोपी को पकड़ने के लिए शुरू किया था ऑपरेशन AJ
आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में अधिक जानकारी देते हुए डीसीपी, साइबर क्राइम डॉ बालसिंग राजपूत ने बताया कि, ‘आरोपी को पकड़ने के लिए ऑपरेशन एजे (AJ) शुरू किया गया था। गुजरात पुलिस के साथ 72 घंटे के संयुक्त अभियान के बाद आरोपी को गुजरात के गोधरा से रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। वह इंटरनेट तकनीक और मोबाइल तकनीक का विशेषज्ञ है और वह एन्क्रिप्टेड तरीके से भी संवाद कर सकता है।
कई तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल के बाद हाथ लगा आरोपी
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल किया। उसके कब्जे से कई मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी को मालाबार हिल पुलिस स्टेशन को सौंप दिया जाएगा और उसे सभी लंबित मामलों में गिरफ्तार किया जाएगा।

अनिल जयसिंघानी की बेटी अनिक्षा पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार
दरअसल, इस मामले में पुलिस अनिल जयसिंघानी की बेटी अनिक्षा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी के बेटे अक्षन जयसिंघानी को भी अमृता फडणवीस द्वारा दायर एक मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
क्या था पूरा मामला
अमृता की शिकायत पर 20 फरवरी को मालाबार हिल पुलिस थाने में अनिक्षा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। प्राथमिकी में कहा गया है कि अनिक्षा पिछले 16 महीनों से अमृता के संपर्क में थी और उसके घर भी जाती थी। पुलिस को दिए अपने बयान में अमृता ने कहा कि वह अनीक्षा से पहली बार नवंबर 2021 में मिली थीं। अनीक्षा ने उसे कुछ सटोरियों के बारे में जानकारी देने की पेशकश की, जिसके जरिए उसने दावा किया कि वे पैसे कमा सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उसने अमृता को सीधे 1 करोड़ रुपये की पेशकश की। अधिकारी ने कहा कि अमृता ने पुलिस को बताया कि वह अनीक्षा के व्यवहार से परेशान थीं और उन्होंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था।


