spot_img
Homeमुंबईपालघर साधु हिंसा पर फिर सियासी उबाल,

पालघर साधु हिंसा पर फिर सियासी उबाल,

भाजपा में काशीनाथ चौधरी की एंट्री से बढ़ी हलचल

मुंबई (स भा): पालघर जिले में हुए बहुचर्चित साधु हिंसा कांड को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमाती दिख रही है। वजह है, काशीनाथ चौधरी, जिन पर घटना के समय गंभीर सवाल उठाए गए थे, अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। जैसे ही चौधरी ने दहानू में आयोजित शक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ली, विपक्षी दलों ने इस कदम को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जानकारी के अनुसार रविवार को सांसद हेमंत सावरा  और जिला अध्यक्ष भरत राजपूत की मौजूदगी में हुए इस आयोजन में करीब तीन हजार से अधिक लोग भाजपा में शामिल हुए। इसी दौरान चौधरी की एंट्री ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया। गौरतलब है कि साधु हिंसा की घटना के वक्त भाजपा ने इसे लेकर तत्कालीन सरकार पर सवाल उठाए थे और चौधरी सहित स्थानीय नेताओं की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब उन्हीं आरोपों के घेरे में आए व्यक्ति को पार्टी में शामिल किए जाने से विपक्ष ने भाजपा के पुराने रुख पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

विपक्ष का कहना है कि भाजपा ने उस समय साधुओं की मौत को नैतिक और राजनीतिक मुद्दा बताया था, लेकिन वही पार्टी अब चुनावी फायदे के लिए अपने ही आरोपों को नज़रअंदाज़ कर रही है। एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और कांग्रेस ने इसे भाजपा के “दोहरे चरित्र” का उदाहरण बताते हुए गंभीर आपत्ति जताई है। अप्रैल 2022 में हुई इस घटना में दो साधुओं और उनके वाहन चालक की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी, जिसे लेकर पूरे राज्य में गुस्सा फूटा था। पुलिस इस मामले में बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां कर चुकी है और जांच अभी भी न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रही है। हालांकि भाजपा की ओर से इस विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है, मगर सवाल लगातार उठ रहा है। क्या पार्टी के पुराने आरोप राजनीतिक थे या चौधरी का शामिल होना किसी नई रणनीति का हिस्सा है ? आने वाले चुनावी दिनों में यह मुद्दा दोबारा चर्चा का केंद्र बनेगा, ऐसा राजनीतिक माहौल साफ इशारा दे रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com